RANCHI: नामकुम प्रखंड के ग्राम टांगरटोली में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन का नेतृत्व आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) के नामकुम प्रखंड अध्यक्ष निशांत तिर्की और प्रभु टोप्पो ने किया.
वर्षों से उपेक्षा का आरोप, गांव तक नहीं पहुंचे जनप्रतिनिधि
ग्रामीणों का कहना है कि टांगरटोली गांव में आज तक कोई विधायक नहीं पहुंचा है. वहीं पंचायत के मुखिया भी केवल चुनाव के समय ही गांव में आते हैं. सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को प्रतिदिन लगभग 5 से 6 किलोमीटर तक पहाड़ी और खेतों के कठिन रास्तों से होकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता है.
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वे अपनी जमीन तक दान कर चुके हैं. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. कई बार नेता खुद गांव में नहीं आते, बल्कि अपने प्रतिनिधियों को भेज देते हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है.
जमीन दान के बावजूद नहीं शुरू हुआ निर्माण कार्य
सड़क के अभाव में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. खासकर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है. मरीजों को खटिया के सहारे कंधों पर उठाकर कई किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाना पड़ता है, क्योंकि एम्बुलेंस जैसी जरूरी सुविधाएं गांव तक नहीं पहुंच पाती हैं.
ग्रामीणों के साथ बैठक, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
इस दौरान ग्रामीणों के साथ गंभीर चर्चा भी की गई. मौके पर आदिवासी छात्र संघ DSPMU अध्यक्ष विवेक तिर्की, रातू प्रखंड सचिव अमित तिग्गा, अजीत महतो, समाजसेवी शिव ओरांव, राकेश बड़ाईक सहित 350 से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे.
ग्रामीणों ने बताया कि वे अपने स्तर पर पैसे जुटाकर आंशिक रूप से सड़क बना रहे हैं. साथ ही संबंधित विभागों से सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की गई है, ताकि गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाएं समय पर और आसानी से मिल सकें.
