GIRIDIH: महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा पारित महिला आरक्षण अधिनियम 2023 (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को ऐतिहासिक बताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से परिसदन भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई.
इस अवसर पर जमुआ विधायक मंजू कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश मंत्री शालिनी वैशाखियार ने की. मौके पर महिला मोर्चा उपाध्यक्ष विनीता कुमारी, जिला अध्यक्ष ऊषा देवी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
नेताओं ने जताया आभार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ने पर जोर
प्रेस वार्ता में विधायक मंजू कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें सम्मान मिल रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भाजपा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए काम करेगी.
उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिले में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है. जमुआ से वे स्वयं विधायक हैं, कोडरमा से महिला सांसद हैं और कई महिला मुखिया भी चुनी गई हैं. यह अधिनियम महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के और अवसर देगा.
33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान, क्रियान्वयन पर निर्भर असर
भाजपा महिला मोर्चा, गिरिडीह ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया. गौरतलब है कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा, राज्यसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है.
हालांकि, इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक होगी. विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और देश के विकास में उनकी भूमिका और मजबूत होगी.
