चाईबासा/रांची: चाईबासा जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए आईईडी के चपेट आने से सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए. घायल दोनों जवानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया. जिसके बाद जवानों को राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.

बता दें कि सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों का एक दस्ता सक्रिय है. इसी सूचना के आधार पर सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. अभियान के दौरान, नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से रास्ते में प्लांट किए गए एक प्रेशर आईईडी पर जवान का पैर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ.
प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया
इस विस्फोट में दो जवान घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया. जवान की स्थिति को देखते हुए राज्य पुलिस और सीआरपीएफ के आला अधिकारियों ने उन्हें तत्काल रांची शिफ्ट करने का निर्णय लिया. इसके लिए विशेष हेलीकॉप्टर की मदद ली गई. रांची के खेलगांव स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद, उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर शहर के एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर की विशेष टीम उनका उपचार कर रही है. इस घटना के बाद सुरक्षाबलों ने हार मानने के बजाय नक्सलियों के खिलाफ अपने अभियान को और अधिक आक्रामक कर दिया है.

