SIMDEGA: संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर आज डीसी सिमडेगा कंचन सिंह, एसपी श्रीकांत एस खोटरे सहित जिले के कई अधिकारियों और नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा व उपाध्यक्ष दीपक रिंकू ने अंबेडकर चौक स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
बाबा साहेब के विचारों पर चलने का लिया संकल्प
माल्यार्पण के बाद सभी ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. वहीं मूलवासी संघ द्वारा जयंती के अवसर पर बाइक रैली निकालकर उनके संदेशों का प्रसार किया गया.

सामाजिक सुधार और समानता के लिए जीवन समर्पित
बता दें कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर भारत के संविधान निर्माता और महान समाज सुधारक थे. उनका जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था. उन्होंने अपने जीवन में दलितों एवं आदिवासियों के मंदिर प्रवेश, पानी पीने के अधिकार, छुआछूत, जाति-पांति और ऊंच-नीच जैसी सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए.
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं बाबा साहेब के विचार
बाबा साहेब का मानना था कि वह ऐसे धर्म को मानते हैं जो स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा सिखाता है. उन्होंने लोगों से अपने भाग्य से ज्यादा अपनी मजबूती पर विश्वास करने की बात कही. आज भी उनके विचार युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. सिमडेगा के अंबेडकर चौक पर प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के लोगों ने पहुंचकर बाबा साहेब को नमन किया.
