SIMDEGA: सिमडेगा सदर थाना क्षेत्र के जोकबहार में जन्मदिन से एक दिन पहले एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया गया कि जोकबहार निवासी पंकज साहू सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सलडेगा में 9वीं कक्षा का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था.
जन्मदिन की तैयारी और अचानक लिया गया कदम
मंगलवार को वह हॉस्टल से अपने घर गया था. उसने अपने दोस्तों को बुधवार को अपने जन्मदिन पर आमंत्रित भी किया था. लेकिन इससे पहले ही मंगलवार देर शाम पंकज ने अपने घर में अपनी मां की साड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
परिवार में मचा कोहराम, अस्पताल में मौत की पुष्टि
पंकज की मां ने जब घर का दरवाजा बंद देखा तो उन्हें कुछ आशंका हुई. इसके बाद जबरन दरवाजा खोला गया तो पंकज को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा गया, जिसके बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया.
घटना के बाद परिजन उसे फंदे से उतारकर सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
