रांची: रांची में बढ़ते मच्छरों और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों को देखते हुए रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन में आ गया है. नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मच्छर नियंत्रण को और तेज करने का फैसला लिया गया. अब शहर में फॉगिंग पहले से ज्यादा तेजी से होगी. पहले दो समय हो रही फॉगिंग को बढ़ाकर अब तीन पालियों में किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा इलाकों को कवर किया जा सके. साथ ही नालियों, गंदे पानी और जलजमाव वाले जगहों पर दवा का छिड़काव लगातार जारी रहेगा.
हर वार्ड में किया जाए सफाई अभियान तेज
नगर निगम की टीम घर-घर जाकर भी जांच करेगी. जहां-जहां मच्छरों के पनपने की संभावना होगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी. अगर किसी घर में बार-बार गंदगी या पानी जमा मिला, तो जुर्माना भी लगाया जा सकता है. नगर आयुक्त ने साफ कहा कि हर वार्ड में सफाई अभियान तेज किया जाए, जाम नालियों को तुरंत साफ किया जाए और लोगों को जागरूक किया जाए कि वे अपने घरों में पानी जमा न होने दें. हर शनिवार एक इलाके में बड़ा फॉगिंग अभियान भी चलाया जाएगा.
नगर निगम ने लोगों से अपील की है, कि अपने घर और आसपास सफाई रखें, गमलों, टायर या कूलर में पानी जमा न होने दें. जरूरत पड़ने पर टोल फ्री नंबर 18005701235 या SMART RANCHI ऐप पर जानकारी दें.
