NewsWave Desk: कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. पुलिस जोनल सिस्टम का पुनर्गठन कर 4 मुख्य प्रक्षेत्रों में राज्य के जिले बांटे गए है. बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने राज्य में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के बेहतर संधारण और प्रशासनिक नियंत्रण को मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने पुलिस प्रशासन की प्रक्षेत्रीय (जोनल) व्यवस्था का पुनर्गठन करते हुए पूरे राज्य (रेल क्षेत्र को छोड़कर) को चार बड़े जोन में विभाजित कर दिया है. इस व्यवस्था के तहत जोन स्तर पर आईजी और उनके अधीन आने वाले रेंज डीआईजी स्तर के अधिकारियों को तैनात किया जाएगा. गृह विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, यह नया ढांचा संकल्प निर्गत होने की तिथि से ही प्रभावी हो गया है.
आखिर क्यों पड़ी पुनर्गठन की जरूरत?
– बिहार में अब तक 13 क्षेत्रों (रेल सहित) की व्यवस्था लागू थी, जिनमें से केवल 5 बड़े क्षेत्रों (पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया) में ही आईजी के पद थे. गृह विभाग के अनुसार, पुरानी व्यवस्था में कई चुनौतियां सामने आ रही थीं.
– जिलों की भौगोलिक दूरी और जनसंख्या वृद्धि के कारण मॉनिटरिंग और प्रशासनिक नियंत्रण त्वरित गति से नहीं हो पा रहा था.
– संसाधनों की कमी के चलते अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और अन्य दायित्वों के निष्पादन में अपेक्षित तेजी नहीं आ पा रही थी.
– जोनल सिस्टम के पुनर्गठन से अब जोनल हेड अपने-अपने रेंज के जिलों पर सीधी और कड़ी निगरानी रख सकेंगे. इससे क्षेत्र विशेष की ज़रूरतों के हिसाब से रणनीति बनाने में मदद मिलेगी और जनता को त्वरित पुलिस सेवाएं मिलेंगी.
जानिए किस पजोन में शामिल हुए कौन-से जिले?
पुनर्गठित व्यवस्था के तहत राज्य के 12 पुलिस क्षेत्रों को मिलाकर चार प्रमुख पजोन बनाए गए हैं.
पटना जोन
– जोन प्रमुख: आईजी पटना जोन
शामिल क्षेत्र और जिले
– केन्द्रीय क्षेत्र: पटना, नालंदा
– मगध क्षेत्र: गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, अरवल
– शाहाबाद क्षेत्र: बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर
मुजफ्फरपुर जोन
– जोन प्रमुख: आईजी मुजफ्फरपुर जोन
शामिल क्षेत्र और जिले
– तिरहुत क्षेत्र: मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, सीतामढ़ी
– चम्पारण क्षेत्र (बेतिया): पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी), पश्चिमी चम्पारण (बेतिया), बगहा
– सारण क्षेत्र (छपरा): सारण, सिवान, गोपालगंज
दरभंगा जोन
– जोन प्रमुख: आईजी दरभंगा
शामिल क्षेत्र और जिले
– मिथिला क्षेत्र (दरभंगा): दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर
– कोशी क्षेत्र (सहरसा): सहरसा, सुपौल, मधेपुरा
– पूर्णिया क्षेत्र (पूर्णिया): पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया
भागलपुर जोन
– जोन प्रमुख: आईजी भागलपुर
शामिल क्षेत्र और जिले
– पूर्वी क्षेत्र (भागलपुर): भागलपुर, बांका, नवगछिया
– मुंगेर क्षेत्र (मुंगेर): मुंगेर, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय
– बेगूसराय क्षेत्र (बेगूसराय): बेगूसराय, खगड़िया
ALSO READ: सरायकेला : NH 33 और 32 में क्षमता से अधिक माल लोड कर दौड़ रहे वाहन, सड़कें बदहाल
