Deoghar : आस्था और भक्ति का पावन प्रतीक श्रावण मास का शुभारंभ आज से हुआ. सावन के पहले ही दिन विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल ‘बाबा धाम’ (देवघर) में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ उमड़ पड़ी है. पूरा शहर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा है.

सुबह 4:02 बजे खुला पट, अर्घा से जलार्पण शुरू
बाबा मंदिर का पट आज तड़के सुबह 04:02 बजे खोला गया. जिसके साथ ही विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू कर दिया गया. कांवरियों की लंबी-लंबी कतारें किलोमीटर दूर तक फैली हुई हैं. देवघर प्रशासन और मंदिर न्यास समिति द्वारा श्रद्धालुओं के सुलभ जलार्पण के लिए ‘अर्घा व्यवस्था’लागू की गई है. जिसके माध्यम से शिवभक्त अनुशासित तरीके से बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित कर रहे हैं.

बाह्य अर्घा और लाइव स्क्रीन की सुविधा
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार बाह्य अर्घा की भी विशेष व्यवस्था की गई है. बाह्य अर्घा में जल चढ़ाने पर भी जल सीधे मुख्य मंदिर स्थित मूल शिवलिंग पर ही अर्पित होता है. इसके अलावा, जो श्रद्धालु कतार में दूर खड़े हैं, वे मंदिर परिसर में जगह-जगह लगाई गई एलईडी LED स्क्रीन के जरिए अपने जलार्पण का सीधा प्रसारण देख पायेंगे.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और पैनी नजर

– सावन मेले को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. पूरे मंदिर परिसर और रूट लाइन में सैकड़ों सीसीटीवी CCTV कैमरे लगाए गए हैं. जिनकी कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है.
– कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों, दंडाधिकारियों और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है.
– कतार में लगे कांवरियों के लिए जगह-जगह शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और विश्राम की व्यवस्था की गई है.
– रूट लाइन में कतारबद्ध होकर निरंतर आगे बढ़ रहे शिवभक्तों के उत्साह और भक्ति से पूरा देवघर क्षेत्र भक्तिमय हो गया है. प्रशासन की ओर से दावा किया गया है कि सावन भर आने वाले हर एक कांवरिया को सुरक्षित और सुखद अनुभव प्रदान किया जाएगा.
