रांची: पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है. झारखंड सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य के पास कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध है और खजाना खाली होने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं.
विभिन्न विभागों द्वारा जिलों को वेतन मद में राशि आवंटित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जिससे राज्य के लाखों कर्मचारियों को समय पर भुगतान का रास्ता साफ हो गया है.
शिक्षा विभाग ने जारी किए 2,252 करोड़ रुपये:
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के शिक्षकों के लिए 2,252 करोड़ 29 लाख 81 हजार 700 रुपये की भारी-भरकम राशि आवंटित कर दी है. इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षकों के वेतन के लिए भी फंड पहले ही जिलों को भेजा जा चुका है. विभाग की इस सक्रियता से शिक्षकों में खुशी की लहर है.
Also Read: सारंडा मुठभेड़: घायल कोबरा कमांडो दिल्ली रेफर, रांची में सुरक्षा बलों के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर
स्वास्थ्य विभाग में भी आवंटन प्रक्रिया पूरी:
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए भी राहत की खबर है. विभाग ने बुधवार को अलग-अलग श्रेणियों के लिए राशि जारी की मेडिकल व सदर अस्पताल चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के वेतन के लिए 170.49 करोड़ रुपये आवंटित किया है.रिम्स को छोड़कर सभी मेडिकल कॉलेजों और बरियातू स्थित फार्मेसी संस्थान के लिए 76.99 करोड़ रुपये जारी हुआ है.
इसी सप्ताह होगा मार्च का भुगतान:
सरकार के इस त्वरित कदम के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि कर्मियों को मार्च माह का वेतन इसी सप्ताह मिल जाएगा, साथ ही, वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही अप्रैल माह से नियमित वेतन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है.
