Giridih: डुमरी थाना क्षेत्र के भावानंद गांव में जमीन विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जब पलाश के पेड़ काटने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर टांगी, फरसा और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया.
दोनों पक्षों के 7 लोग घायल, एक की हालत गंभीर
इस खौफनाक भिड़ंत में दोनों पक्षों से कुल सात लोग घायल हो गए हैं. घायलों में पहले पक्ष के गयासुद्दीन अंसारी, सफीक अंसारी, मजहर अंसारी और रशीदा खातून शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से अलाउद्दीन अंसारी, सलाउद्दीन अंसारी और नजमीन खातून जख्मी हुए हैं. इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की चिंगारी पलाश के पेड़ की कटाई से भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे इलाके को रणक्षेत्र में तब्दील कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
ALSO READ: हजारीबाग: सरकारी अस्पतालों में प्रसूता से वसूली जाती है ढाई से तीन हजार रुपये की रंगदारी, जांच शुरू
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल दोनों पक्षों ने डुमरी थाना पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
