HAZARIBAGH/KODERMA: झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे लोग “अजब प्रेम की गजब कहानी” कह रहे हैं. यहां एक विवाहित युवक पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर एक विवाहित महिला को अपने साथ बेंगलुरु ले गया, जहां दोनों करीब दो साल तक साथ रहे.
प्रेमजाल में फंसाकर बेंगलुरु ले जाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक नागेश्वर उसके पड़ोस में रहता था और बातचीत के दौरान उसने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया. शादी का भरोसा दिलाकर वह उसे अपने साथ बेंगलुरु ले गया.
आरोप है कि बेंगलुरु में युवक ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया और उसे मजदूरी करने के लिए मजबूर किया. पीड़िता का कहना है कि उसकी मजदूरी की पूरी कमाई आरोपी अपने पास रख लेता था.
विरोध करने पर वापस भेजने से इनकार
जब पीड़िता ने इसका विरोध किया और घर लौटने की बात कही, तो आरोपी ने उसे रखने से इनकार कर दिया. इसके बाद वह उसे कोडरमा लेकर आया और झुमरी तिलैया स्थित प्रकाश होटल में करीब एक महीने तक रखा.
आगे आरोप है कि 11 अप्रैल को आरोपी ने उसे तीन अन्य लोगों के साथ कार से कहीं ले जाया और रास्ते में बेहोशी की दवा सुंघाकर फेंक दिया. बाद में होश आने पर पीड़िता ने खुद को अस्पताल में पाया.
दोनों के शादीशुदा होने से मामला और जटिल
इस मामले में एक और अहम पहलू यह है कि आरोपी और पीड़िता दोनों पहले से ही शादीशुदा बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और भी जटिल हो गया है.फिलहाल पीड़िता ने किसी तरह झुमरी तिलैया पहुंचकर स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
