Chatra: जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोबना गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 24 वर्षीय एक युवती ने अपने प्रेमी को वीडियो कॉल कर मौत को गले लगा लिया. मृतका की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है. ताज्जुब की बात यह है कि जिस प्रेमी के साथ नेहा की 29 अप्रैल को सगाई होने वाली थी, उसी को अपनी मौत का गवाह बनाकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
लाइव सुसाइड: प्रेमी के सामने फंदे से झूल गई नेहा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात नेहा ने अपने कमरे में बांस के सहारे रस्सी का फंदा बनाया. उसने सुसाइड करने से ठीक पहले अपने प्रेमी सोनू कुमार को वीडियो कॉल किया. सोनू ने मोबाइल स्क्रीन पर नेहा को फंदे से झूलते हुए लाइव देखा. घटना के समय घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरों में थे. नेहा को फंदे पर सबसे पहले उसके छोटे भाई सौरभ पांडेय ने देखा, जिसके बाद पूरे घर में कोहराम मच गया.
Also Read: JAC 8वीं बोर्ड रिजल्ट: रांची जिला रहा प्रदेश में अव्वल, झारखंड के 93.31% छात्र हुए सफल
दो साल का प्रेम प्रसंग और सगाई की तैयारी
परिजनों ने बताया कि नेहा और गिरिडीह जिले के राजधनवार (कैरिहारी) निवासी सोनू कुमार के बीच पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों की मुलाकात एक शादी समारोह के दौरान हुई थी. परिवार वालों ने भी इस रिश्ते को मंजूरी दे दी थी और आने वाली 29 अप्रैल को धूमधाम से सगाई की रस्में पूरी होनी थीं, लेकिन खुशियों वाले घर में अचानक मातम पसर गया.
मानसिक प्रताड़ना और शक का आरोप
मृतका के चाचा धर्मेंद्र पांडेय और अन्य परिजनों ने प्रेमी सोनू कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, परिजनों का कहना है कि सगाई तय होने के बाद से ही सोनू अक्सर नेहा पर शक करता था. वह उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और छोटी-छोटी बातों पर परेशान करता था. नेहा के मोबाइल में इस लाइव सुसाइड का वीडियो और प्रताड़ना से जुड़े कई साक्ष्य मौजूद होने की बात कही जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जांच कर रहे एएसआई वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह प्रेम प्रसंग और प्रताड़ना का मामला लग रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. नेहा का मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है, जिसकी जांच से कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है.
