हजारीबाग: समीपवर्ती चतरा जिले से एक हैरान और दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया है. जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोबना गांव की रहने वाली एक 24 वर्षीय युवती ने अपनी प्रेमी के साथ व्हाट्सएप वीडियो कॉल के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. जिस समय युवती यह खौफनाक कदम उठा रही थी, उसका मंगेतर फोन के दूसरी तरफ से पूरी घटना को लाइव देख रहा था. चौंकाने वाली बात यह है कि इसी महीने की 29 तारीख को दोनों की सगाई होने वाली थी.
अक्टूबर में होने वाली थी शादी
24 वर्षीय नेहा कुमारी और सोनू तिवारी के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. परिजनों की सहमति के बाद अक्टूबर में दोनों की शादी तय हुई थी. मृतका के चाचा धर्मेंद्र पांडेय का आरोप है कि प्रेमी सोनू तिवारी अक्सर दहेज की मांग को लेकर नेहा को मानसिक रूप से टॉर्चर करता था. प्रताड़ना से तंग आकर नेहा ने घर के कमरे में फांसी लगा ली. परिजनों के अनुसार, नेहा ने आत्महत्या के दौरान आरोपी को वीडियो कॉल भी किया था, जिसका साक्ष्य उसके लॉक मोबाइल में कैद है.
युवती का मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी पुलिस
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है, कि गुरुवार की देर रात नेहा अपनी मंगेतर से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी. बातचीत के दौरान ही दोनों में किसी बात को लेकर बहस होने लगी. कुछ ही देर में अचानक स्थिति बिगड़ गई और नेहा ने फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी. उसके मंगेतर ने उसे रोकने की कोशिश की होगी, लेकिन वह बेबस होकर स्क्रीन पर सब कुछ देखता रह गया. घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं घटना की सूचना के बाद सदर अस्पताल चतरा पहुंची जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी ने कहा कि यह मामला उनके पंचायत क्षेत्र कोबना का है. दोनों के बीच विवाह तय हुआ था. इस बीच मोबाइल पर बातचीत के दौरान युवती ने आत्महत्या कर ली. हालांकि, घटना के पहले शादी की तैयारियां लगभग आधा पूरी हो चुकी थीं, लेकिन 10 दिन पहले ही नेहा की मौत ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. नेहा की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं. पुलिस इस मामले में प्रेम संबंधों और आत्महत्या के उकसावे सहित सभी पहलुओं से जांच कर रही है. यह घटना सोशल मीडिया और डिजिटल दौर में मानवीय रिश्तों के बीच बढ़ते तनाव का एक काला चेहरा पेश करती है.
यह भी पढ़ें: रांची : पार्षदों को सौंपी गई ऑफिस की चाबियां, अब मोहल्ले में ही होगा समाधान
