Hazaribagh: हजारीबाग के बुंडू नगड़ुवा कोचा जंगल में कोबरा बटालियन और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. मुठभेड़ में मारे गये चारों माओवादी नक्सलियों के शवों को शनिवार को हजारीबाग में पोस्टमार्टम कराया गया. केरेडारी पुलिस ने माओवादी सहदेव महतो उर्फ अनुज (केरेडारी), बुधन करमाली (टंडवा, जिला-चतरा) और रणजीत गंझू (लावालौंग, जिला-चतरा) के शवों को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया. वहीं सहदेव महतो की पत्नी नताशा (महाराष्ट्र के चितौड़गढ़ निवासी) के शव को लेने से परिजन परहेज कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने नताशा के शव को हजारीबाग मर्चरी में सुरक्षित रखा है.
यह भी पढ़ें : पाकुड़ मर्डर केस में कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस का शिकंजा और कसने की तैयारी
परिजनों को सौंपा गया तीन माओवादियों के शव
झारखंड पुलिस व कोबरा बटालियन के बीच हुए मुठभेड़ को लेकर केरेडारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले की पुलिस छानबीन कर रही है. इस संबंध में थाना प्रभारी विवेक कुमार ने कहा कि मारे गए माओवादी नक्सलियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है. साथ ही तीन माओवादियों के शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है जबकि नताशा के शव को मर्चरी में रखा गया है. उन्होंने आगे बताया कि मारे गये चारों माओवादी चतरा-हजारीबाग में आतंक का पर्याय बने हुए थे. इन लोगों को मारे जाने से क्षेत्र में अपराधिक घटनाओं में विराम लगेगा. बता दें कि मुठभेड़ के बाद 209 कोबरा एवं झारखंड पुलिस ने घटनास्थल से एके 47 राइफल 02, कोल्ट एआर 15 राइफल 01, इंसास राइफल 01 समेत नक्सली दस्तावेज बरामद किया था.
यह भी पढ़ें : झारखंड में गर्मी का अटैक तेज: 42°C पार, अगले 3 दिन और चढ़ेगा पारा, लू का अलर्ट जारी
