Pakur: प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने 7 सूत्री मांगों को लेकर समाहरणालय के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में ग्रेड वन से वंचित शिक्षकों को ग्रेड वन और ग्रेड 2 का लाभ देने, ग्रेड 3, 4 और 7 के तहत प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति, सेवानिवृत्त शिक्षकों को लाभ देने और पेंशन अदालत का नियमित संचालन जैसी मांगें प्रमुख रहीं.
वेतन और प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएं भी उठीं
धरने में शिक्षकों ने 2016 से पहले सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन पुनरीक्षण, वार्षिक अवकाश तालिका में संशोधन, नवनियुक्त सहायक आचार्यों के प्रमाण पत्रों के शीघ्र सत्यापन और लिट्टीपाड़ा व अमड़ापाड़ा के शिक्षकों के नियमित वेतन भुगतान की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई.
संघ ने प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव मिथिलेश कुमार सिन्हा ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक और उपायुक्त को पहले ही पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. उन्होंने जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थापित लिपिक अमित कुमार के कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके खिलाफ शिक्षकों से अवैध राशि मांगने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसकी जांच जरूरी है.
पेंशनरों की परेशानी भी आई सामने
जिला पेंशनर समाज के अध्यक्ष काशी प्रसाद राम ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक अपनी पेंशन के लिए भटक रहे हैं. कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे पेंशनरों में नाराजगी बढ़ रही है.
मांगें नहीं मानी गईं तो होगा आंदोलन तेज
धरना प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों ने साफ कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
