Gumla: पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज लायंस क्लब ऑफ गुमला के तत्वावधान में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई. रैली नगर के प्रमुख टावर चौक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं से होते हुए पटेल चौक पर सम्पन्न हुई.
स्लोगन और नारों से गूंजा शहर
रैली में क्लब के सभी पदाधिकारी, सदस्यगण बड़े उत्साह से शामिल हुए. सभी सदस्यों के हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियाँ थीं, जिन पर ‘पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ’, ‘जल है तो कल है’, ‘प्लास्टिक हटाओ-पर्यावरण बचाओ’, ‘स्वच्छ गुमला-स्वस्थ गुमला’ जैसे संदेश अंकित थे. रास्ते भर सदस्यगण नारे लगाते हुए आम नागरिकों को पर्यावरण बचाने की अपील करते रहे.
पटेल चौक पर हुआ समापन कार्यक्रम
पटेल चौक पर रैली के समापन अवसर पर क्लब अध्यक्ष मुरली मनोहर प्रसाद ने सभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण आज पूरी मानवता के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं. यदि अभी नहीं जागे तो आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा, पानी और हरियाली नहीं मिल पाएगी. उन्होंने प्रत्येक सदस्य द्वारा कम से कम पाँच पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दोहराया.
सदस्यों और पदाधिकारियों के विचार
इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन, जॉन चेयरपर्सन, सचिव, पूर्व अध्यक्षगण सहित अन्य सदस्यों ने भी विचार रखे. सभी ने नगरवासियों से घर-आंगन में तुलसी-नीम लगाने, कचरा अलग-अलग करने तथा वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की.
शपथ एवं योगदान
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली. रैली को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों, मोहम्मद रिजवान की टीम एवं स्थानीय नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा.
Also Read: आदर में सरहुल पूजा पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा, सीआरपीएफ डीआईजी सहित हजारों लोग शामिल
रीजन चेयरपर्सन अशोक कुमार जायसवाल, जॉन चेयरपर्सन एमजेएफ डॉक्टर शंकर लाल जाजोदिया, सचिव योगेंद्र प्रसाद साहू, पूर्व अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, सत्येंद्र प्रसाद सहित अन्य सदस्यों महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में अग्रसर रहे .
