Gumla: जिला के घाघरा प्रखंड के आदर गांव में सरहुल संचालन समिति के तत्वावधान में सरहुल पूजा इस वर्ष बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ. कार्यक्रम में मुख्य रूप से सीआरपीएफ के डीआईजी रविंद्र भगत की उपस्थिति रही. सरना स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो करमडीपा पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई. इस दौरान विभिन्न खोड़हा दलों ने पारंपरिक वेश-भूषा में नृत्य-गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया. आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागी दलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
सीआरपीएफ डीआईजी ने सरहुल को बताया प्रकृति से जुड़ा पर्व
इस अवसर पर सीआरपीएफ डीआईजी रविंद्र भगत ने कहा कि “सरहुल पर्व हमारी समृद्ध आदिवासी संस्कृति और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है. यह हमें पेड़-पौधों, जल-जंगल-जमीन के महत्व को समझने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करता है. आज के दौर में, जब पर्यावरण संतुलन एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, तब ऐसे पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने की सीख देते हैं.”
उन्होंने आगे कहा कि “इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा देते हैं. विभिन्न खोड़हा दलों की प्रस्तुति न केवल हमारी परंपराओं को जीवित रखती है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी कार्य करती है। हमें गर्व होना चाहिए कि हम ऐसी समृद्ध विरासत के वाहक हैं.”
जनप्रतिनिधियों ने युवाओं से संस्कृति संरक्षण की अपील की
मुखिया यशमुनी कुमारी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को सहेजकर रखें और इसे आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं. साथ ही उन्होंने क्षेत्र में शांति और सद्भाव बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि विकास और सुरक्षा तभी संभव है, जब समाज में आपसी सहयोग और विश्वास बना रहे. उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के भव्य और अनुशासित कार्यक्रम का सफल आयोजन समाज के सामूहिक प्रयास का परिणाम है.
Also Read: दो दिवसीय 15वीं झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न, बोकारो बना ओवरऑल चैंपियन
हजारों लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुखिया यशमुनी कुमारी, उपमुखिया राजपति देवी, लीलावती देवी, पूर्व मुखिया राजीव उरांव, दीपक उरांव, संग्राम उरांव, करमदेव भगत, विनोद भगत, चंद्रदेव भगत, कन्हैयालाल भगत, सतेंद्र उरांव, श्याम उरांव, अशोक भगत, अमरदीप उर्फ, दिपेश उरांव, संतोष उरांव, सूरज उरांव, संजीव उरांव, मनोज महतो, दुर्गा महतो, विकास साहू, अशोक उरांव, अनिल उरांव, दिलबहादुर प्रहान, संजय पहान सहित हजारों लोग उपस्थित थे.
