Saraikela: जिले में झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 निर्धारित तिथि को कदाचार-मुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. जिले में परीक्षा के लिए कुल 08 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा दो पालियों में ली गई.
जिले में कुल 3218 अभ्यर्थी पंजीकृत
उक्त परीक्षा हेतु जिले में कुल 3218 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. इनमें प्रथम पाली में 1767 एवं द्वितीय पाली में 1764 अभ्यर्थी उपस्थित हुए. जिला प्रशासन ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह कदाचार-मुक्त रही. जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं. सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, जैमर और सीसीटीवी की तैनाती की गई थी. विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रही तथा परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई.
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी. उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने भी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
यह भी पढ़ें: हरलाडीह सामूहिक दुष्कर्म कांड: फरार आरोपी दिलीप टुडु की तलाश तेज, घर पर चिपकाया इश्तेहार
