Chatra: जिले के एसपी के निर्देश पर चतरा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान के दौरान अफीम तस्करों के खिलाफ पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है. लावालौंग थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपए के अफीम की अवैध खेप जब्त की है.
गुप्त सूचना पर छापेमारी
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के सलमा गांव के बाराटुंगरी टोला निवासी जतन गंझु और बालेश्वर गंझु अपने-अपने घरों में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम और डोडा संग्रहित कर रखे हैं.
टीम बनाकर की गई कार्रवाई
उन्होंने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार और सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाया गया. इसके बाद टीम ने प्रोफेशनल तरीके से कार्रवाई करते हुए बाराटुंगरी में छापेमारी की.
भारी मात्रा में अफीम बरामद
छापेमारी के दौरान दो किलो 329 ग्राम अवैध अफीम, 85 किलो 870 ग्राम डोडा और 29 किलो 320 ग्राम पोस्ता दाना जब्त किया गया.
तस्कर मौके से फरार
एसडीपीओ ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर मौके से भागने में सफल रहे. उनकी गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार तस्करों और इसमें शामिल माफियाओं को चिन्हित कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा.
लोगों से की अपील
सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि इलाके में किसी भी सूरत में तस्करों और माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने आम लोगों से भी तस्करों की गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है.
