Ranchi: महिला आरक्षण विधेयक को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है.
‘परिसीमन के लिए महिला आरक्षण को बनाया ढाल’
सोनाल शांति ने कहा कि महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के विफल होने से भाजपा नेताओं को मानसिक झटका लगा है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस विधेयक की आड़ में परिसीमन का अपना एजेंडा लागू करना चाहती थी, जिसे विपक्ष की एकजुटता ने विफल कर दिया.
उन्होंने सवाल उठाया कि जब वर्ष 2023 में ही विधेयक पारित हो चुका था, तो इसे 2024 के लोकसभा चुनाव में लागू क्यों नहीं किया गया. उनके अनुसार, यदि सरकार की मंशा स्पष्ट होती तो वर्तमान सदन में ही बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सकता था.
ALSO READ: अबुआ आवास योजना: 20 लाख का लक्ष्य, 20 हजार भी न हुए पूरे- प्रतुल शाहदेव
2029 तक टालने का आरोप, राजनीतिक असंतुलन की आशंका
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जनगणना और परिसीमन का हवाला देकर महिला आरक्षण को 2029 तक टालना भाजपा की नीयत पर सवाल खड़ा करता है. सोनाल शांति ने कहा कि परिसीमन के जरिए भाजपा उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक असंतुलन पैदा करने की कोशिश कर रही है, जो देश की संघीय संरचना के लिए चिंताजनक है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस महिला सशक्तिकरण के पक्ष में है, लेकिन इसके नाम पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक रणनीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा.
