RANCHI: झारखंड में बढ़ती गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक पूरे राज्य में तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और दोपहर के समय हालात बेहद कठिन बनते जा रहे हैं.
रांची से जमशेदपुर तक बढ़ा तापमान
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 38.7°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है. वहीं जमशेदपुर में पारा 42.2°C तक पहुंच गया। सबसे ज्यादा गर्मी चाईबासा में देखने को मिली, जहां तापमान 43.0°C रिकॉर्ड हुआ-जो राज्य में सबसे अधिक है. डाल्टनगंज और अन्य इलाकों में भी तापमान 42°C के आसपास बना हुआ है.
बारिश नहीं, बढ़ रही तपिश
स्थिति को और गंभीर बनाता है बारिश का पूरी तरह गायब होना। बीते 24 घंटे में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई, जिससे गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला में 18.0°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम दृश्यता जमशेदपुर में 2500 मीटर रही.
इसे भी पढ़ें: बीयर लवर्स अलर्ट! बढ़ती गर्मी के बीच सप्लाई पर खतरा
कई जिलों में 40°C के पार पारा
ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन के आंकड़ों के अनुसार बोकारो, देवघर, गोड्डा और सरायकेला जैसे जिलों में भी पारा 40°C के पार या उसके करीब बना हुआ है. सरायकेला में 43.0°C दर्ज होना हालात की गंभीरता को और बढ़ाता है.
