HAZARIBAGH: शहर में डीजल की किल्लत ने आम लोगों से लेकर वाहन चालकों तक की परेशानी बढ़ा दी है. इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम की ओर से आपूर्ति में कटौती के कारण कई पेट्रोल पंपों पर डीजल पूरी तरह खत्म हो गया, जिससे दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
कई पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म
जानकारी के अनुसार, शहर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं हो सका. इनमें कारगिल पेट्रोल पंप भी शामिल है, जहां वाहन चालकों को बिना डीजल लिए ही लौटना पड़ा. पंप संचालक रवि कुमार सिंह सहित अन्य संचालकों ने बताया कि कंपनियों द्वारा डीजल आपूर्ति में कटौती की गई है. इसी वजह से पंपों तक पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं पहुंच पा रहा है. उन्होंने कहा कि ग्राहकों को चाहकर भी डीजल उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, जबकि पेट्रोल की कोई कमी नहीं है.
कंपनियों से लगातार संपर्क
संचालकों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर कंपनियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही डीजल की आपूर्ति सामान्य हो सकती है, लेकिन फिलहाल कंपनियों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. केवल आश्वासन मिल रहा है.
इसे भी पढ़ें: IAS भाई-बहन की जोड़ी बनी प्रेरणा, झारखंड में निभा रहे अहम भूमिका
परिवहन व्यवस्था पर असर
डीजल संकट के चलते शहर में परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित होने लगी है. बस, ट्रक और मालवाहक वाहनों के चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
कीमत को लेकर भी बढ़ी चिंता
इस बीच, डीजल की किल्लत के कारण हजारीबाग में इसके दाम को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है. हालांकि आधिकारिक तौर पर कीमत में कोई बदलाव घोषित नहीं हुआ है, लेकिन आपूर्ति प्रभावित होने के कारण आम उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है और बाजार में अस्थिरता की स्थिति बन गई है. प्रशासन और तेल कंपनियों की ओर से स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जब तक आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है.
