Palamu: पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाने का मामला सामने आया है. जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुछ अज्ञात शरारती तत्व इस नकली प्रोफाइल के जरिए अधिकारियों और आम नागरिकों को गुमराह करने वाले संदेश भेज रहे हैं.
इस गंभीर मामले को देखते हुए जिला प्रशासन ने पलामू के सभी नागरिकों और अधिकारियों से सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध व्हाट्सएप या फेसबुक मैसेज पर आंख मूंदकर भरोसा न करें.
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
प्रशासन ने कहा है कि इस तरह के फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से ठगी की कोशिश की जा सकती है, इसलिए किसी भी संदिग्ध संदेश को गंभीरता से लें और उसकी पुष्टि जरूर करें.
सुरक्षा के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंक से जुड़ी वित्तीय जानकारी साझा न करें.
- यदि कोई संदेश संदिग्ध लगे, तो तुरंत संबंधित सरकारी कार्यालय से उसकी सच्चाई का पता लगाएं.
- ऐसे किसी भी फर्जी संदेश या कॉल के झांसे में न आएं और दूसरों को भी जागरूक करें.
जिला प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है ताकि फर्जी प्रोफाइल बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके.
ALSO READ: क्या ईरान के निशाने पर है दुनिया का इंटरनेट? भारत पर भी पड़ सकता है असर
