Gumla: आमतौर पर देखने को मिलता है कि ग्रामीणों को किसी पदाधिकारी को पहचानने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. पदाधिकारी उनके सामने मौजूद ही रहते हैं तो वह पहचान नहीं पाते हैं. इस समस्या के कारण कई बार पदाधिकारी तक ग्रामीण अपनी बातों को नहीं पहुंचा पाते. इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने एक अनोखी पहल शुरू की है. गुमला जिला के तमाम कर्मचारियों के साथ ही साथ जिला के तमाम प्रशासनिक पदाधिकारी को आईडी कार्ड उपलब्ध कराया है. यह आईडी कार्ड वह अपनी ड्यूटी के दौरान अपने गले में लगा कर रखेंगे ताकि कोई भी ग्रामीण अगर उनसे मिलने आए तो उन्हें पता चल जाए. कई बार कर्मचारियों की ओर से ग्रामीणों को भ्रमित कर दिया जाता है कि वे पदाधिकारी या कर्मचारी नहीं हैं.
यह भी पढ़ें : मुकेश अंबानी की बड़ी ग्लोबल पहल: TIME100 Next India होगा लॉन्च, अमेरिका से नीता अंबानी ने की घोषणा
ग्रामीण और पदाधिकारी के बीच अच्छा संबंध स्थापित हो : डीसी
उपायुक्त का यह प्रयास निश्चित रूप से काफी सराहनीय माना जा रहा है. अब तक के इतिहास में इस तरह का कोई पहल गुमला जिला में नहीं की गयी थी. डीसी दिलेश्वर महतो की इस पहल से जिले में बेहतर कार्यशैली डेवलप होगा. डीसी दिलेश्वर महतो ने बताया कि उनका मकसद यह है कि ग्रामीण और पदाधिकारी के बीच में एक अच्छा संबंध स्थापित हो सके. ग्रामीण, पदाधिकारी को आईडी कार्ड के माध्यम से आसानी से पहचान सके. डीसी दिलेश्वर महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में सभी पदाधिकारियों के गले में आईडी कार्ड लगाया.
यह भी पढ़ें : गिरिडीह : अवैध खनन का खूनी साम्राज्य, विरोध करने पर ग्रामीण की हत्या, भाजपा नेता समेत 7 पर केस, प्रशासन पर उठे सवाल

सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य होगा
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आईडी कार्ड से सरकारी कार्यों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों की पहचान स्पष्ट रूप से सुनिश्चित होगी, जिससे आम नागरिकों को सही पदाधिकारी तक पहुंचने में आसानी होगी. उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न केवल प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाएगी, बल्कि कार्यों में निष्पक्षता एवं जवाबदेही को भी मजबूती प्रदान करेगी. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यस्थल पर आईडी कार्ड का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास और बेहतर समन्वय स्थापित हो सके.
