Hazaribagh: हजारीबाग क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू के बीच चरमराई बिजली व्यवस्था को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने कड़ा रुख अख्तियार किया है. हजारीबाग परिसदन में आयोजित एक आपात बैठक में उन्होंने डीवीसी, बिजली विभाग और ट्रांसमिशन यूनिट के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि जनता की परेशानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सांसद मनीष जायसवाल ने डीवीसी द्वारा बिजली की कटौती कर उसे खुले बाजार में बेचने और लोडशेडिंग जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की.
यह भी पढ़ें : गुमला : डीसी दिलेश्वर महतो की अनोखी पहल, पदाधिकारियों और कर्मियों को दिया आईडी कार्ड, अब पहचानने में होगी आसानी
“आपके घर की बिजली कटेगी तब समझ आयेगा जनता का दर्द”
सांसद ने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आपके अपने घरों की बिजली कुछ घंटों के लिए कट जाए तो आपको आम जनता के दर्द का एहसास होगा. मनीष जायसवाल ने विभाग को चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार करने को कहा. स्पष्ट किया कि जनता को अब कहानियों की नहीं बल्कि सुचारू बिजली आपूर्ति की जरूरत है. बैठक में बिजली विभाग की भविष्य की योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों ने सांसद मनीष जायसवाल को आश्वस्त किया कि विष्णुगढ़ और बड़कागांव में निर्माणाधीन ग्रिड अगले ढाई से तीन महीनों में चालू हो जाएंगे, जिससे डीवीसी पर निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी. इसके साथ ही बनासो उपकेंद्र को अतिरिक्त 10 मेगावाट बिजली दिलाने के लिए डीवीसी कोलकाता मुख्यालय से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए. सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि झारखंड में बिजली की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़े राज्यों की तरह अंडरग्राउंड वायरिंग और आत्मनिर्भर बिजली उत्पादन की आवश्यक है. उन्होंने जिले में करीब 130 मेगावाट की मांग के मुकाबले हो रही कम आपूर्ति पर डीवीसी को सख्त निर्देश दिए और चेतावनी दी कि सुधार न होने पर अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपकी कोई भी समस्या हो तो सीधे हमसे संपर्क करें. हम वचन देते हैं कि आपके हर जायज समस्या के समाधान के लिए हम तत्पर रहेंगे.
यह भी पढ़ें : माध्यमिक आचार्य परीक्षा विवाद में हुई सुनवाई, HC ने पूछा अब तक FIR क्यों नहीं दर्ज हुई
अधिकारियों ने स्थिति में जल्द सुधार का दिया भरोसा
बैठक के अंत में सभी विभागीय अधिकारियों ने जल्द से जल्द स्थिति सुधारने का वादा किया. बैठक में बिजली विभाग के जीएम दिनेश कुमार सिंह, बिजली विभाग हजारीबाग के ईएसई ए. के. उपाध्याय, रामगढ़ के ईएसई साकला हेंब्रम, हजारीबाग टीसी के डीजीएम प्रवीण राम, जेयूएसएनएल ट्रांसमिशन सर्कल के सीनियर मैनेजर सुनील कुमार, ट्रांसमिशन डिवीजन सीनियर मैनेजर रूपा कुमारी, हजारीबाग रूरल एईई अमित कुमार शर्मा, बरही ईईई के. एम. हेस्सा, सी एंड आर के ईई शेखर सुमन, डीवीसी के डिप्टी मैनेजर संजीव कुमार, डीवीसी के इलेक्ट्रिक सिविल मैनेजर शंभू कुमार वर्णवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
