Giridih: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर मुफस्सिल थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में मुफस्सिल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, गिरिडीह जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला तथा कोयलांचल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राहुल बर्मन शामिल हुए.
खराब कैमरों से निगरानी प्रभावित
बैठक के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान यह बात सामने आई कि ऑरेंज मीडिया द्वारा लगाए गए अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब हो चुके हैं और मरम्मत योग्य स्थिति में नहीं हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
मुख्य सड़कों पर फोकस की जरूरत
यह भी पाया गया कि कई व्यवसायियों ने अपने प्रतिष्ठानों और घरों में कैमरे तो लगाए हैं, लेकिन उनका फोकस मुख्य सड़कों पर नहीं होने के कारण अपराध की जांच में पुलिस को परेशानी होती है.
व्यवसायियों से पुलिस की अपील
दोनों थाना प्रभारियों ने व्यवसायियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों और घरों में कम से कम एक-दो सीसीटीवी कैमरे मुख्य सड़क की ओर फोकस कर जरूर लगाएं, ताकि अपराध नियंत्रण में सहयोग मिल सके.
CCTV विस्तार की योजना
बैठक में यह जानकारी दी गई कि अनुमंडल स्तर पर प्रयास जारी हैं और नगर आवास विभाग के मंत्री तथा स्थानीय विधायक सुदीव्य कुमार सोनू के माध्यम से पूरे गिरिडीह के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव विचाराधीन है.
जल्द होगी मंत्री से मुलाकात
निर्णय लिया गया कि दोनों चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जल्द ही मंत्री से मुलाकात कर इस योजना को शीघ्र लागू कराने की मांग करेंगे, ताकि जिले की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके.
