Gumla: पालकोट थाना क्षेत्र के बंगरू मोड़ पर रविवार देर रात बारात से लौट रही बोलेरो और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बोलेरो में सवार 11 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रिम्स रेफर किया गया है.
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमला थाना क्षेत्र के सिलाफारी हुंडरा टोली गांव से पालकोट थाना क्षेत्र के ओबेरा गांव बारात गई थी. देर रात करीब 13 लोग बोलेरो से वापस लौट रहे थे. तभी बंगरू मोड़ के पास बोलेरो की एक ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.
घायल लोग
घायलों में सिलाफारी हुंडरा टोली निवासी 26 वर्षीय छोटी देवी, 7 वर्षीय स्नेहा कुमारी, 13 वर्षीय पूजा कुमारी, 17 वर्षीय होलिका कुमारी, बोलेरो चालक 40 वर्षीय गहन झोरा, 15 वर्षीय आयुष उरांव, संजू उरांव, डेढ़ वर्षीय नितिक्षा कुमारी, श्वेता कुमारी, काजल कुमारी तथा नागफेनी निवासी 60 वर्षीय प्रेम मोहन उरांव और सुखन उरांव शामिल हैं.
इलाज और व्यवस्था पर सवाल
पीछे से आ रहे अन्य बारातियों की मदद से सभी घायलों को रविवार रात करीब 1:30 बजे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ. डॉक्टरों ने पूजा कुमारी और स्नेहा कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.
सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे घायलों के परिजनों ने सदर अस्पताल की 108 एम्बुलेंस सुविधा को लेकर नाराजगी जताई. उनका आरोप है कि 108 एम्बुलेंस पर कॉल करने पर सुविधा उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई और एम्बुलेंस देने से इनकार कर दिया गया. इसके बाद तीन-तीन हजार रुपये में निजी एम्बुलेंस कर मरीजों को रिम्स भेजा गया.
ALSO READ: पलामू: हैदरनगर में फरार आरोपी विवेक सिंह के घर और चौक-चौराहों पर चिपकाया गया इश्तहार
