Chatra: सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक अनिमेश नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय अफीम तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है.
छापेमारी में 1 किलो 319 ग्राम अफीम बरामद
एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने 1 किलो 319 ग्राम अवैध अफीम बरामद किया है. मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया. तस्करों के पास से एक काले रंग की मारुति स्विफ्ट कार, चार मोबाइल फोन और नकद राशि भी बरामद की गई है.
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई स्विफ्ट कार
एसडीपीओ के अनुसार, गिरोह टिकर रोड के रास्ते अफीम की बड़ी खेप खपाने की फिराक में था. सूचना मिलते ही पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार (PB08FT-1403) को रोका गया. तलाशी के दौरान कार से अफीम बरामद हुई, जिसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
चतरा और पंजाब के तस्कर शामिल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार दांगी और रूपेश कुमार यादव (दोनों चतरा निवासी) तथा हरेन्द्र सिंह और दविन्द्रपाल सिंह (दोनों पंजाब के जालंधर और शाहकोट निवासी) के रूप में हुई है. इससे यह स्पष्ट होता है कि तस्करों का नेटवर्क झारखंड से लेकर पंजाब तक फैला हुआ है.
महंगे मोबाइल और नकद भी बरामद
पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये मूल्य का अफीम, ओप्पो, आईफोन 14 प्रो मैक्स, वीवो और रेडमी जैसे मोबाइल फोन के साथ 5 हजार रुपये नकद भी बरामद किया है.
लावालौंग से खरीदकर पंजाब ले जाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, तस्कर चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र से अफीम खरीदकर उसे पंजाब ले जाने की फिराक में थे. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और लिंक की जांच में जुटी है.
अभियान में कई पुलिस अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह, अवर निरीक्षक शमी अंसारी, मनीष कुमार और कासिम अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार शामिल थे.
