CHAKRADHARPUR: पूर्व सांसद स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुवा की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके आवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मालती गिलुवा ने उनके चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन
इसके बाद कार्यक्रम में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्व. गिलुवा को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें याद किया. इस दौरान वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, सरल स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया.
पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे गिलुवा
स्व. लक्ष्मण गिलुवा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके थे. वे सिंहभूम संसदीय क्षेत्र से दो बार सांसद और चक्रधरपुर से दो बार विधायक भी रहे. झारखंड के आदिवासी नेताओं में उनकी एक अलग पहचान थी.
Also Read: पलामू में विनीत तिवारी हत्याकांड को लेकर परिजनों में आक्रोश, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आज निकलेगा कैंडल मार्च
डॉ. विजय सिंह गागराई ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता डॉ विजय सिंह गागराई ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब गिलुवा पहली बार विधायक थे, तब वे रांची में पढ़ाई करते थे, और रांची से अपने घर लौटने के क्रम में बृंदा गांव में उनकी मोटरसाइकिल पंचर हो गई थी. इस पर गिलुवा ने बिना झिझक उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर चक्रधरपुर तक पहुंचाया, जो उनकी सादगी और सहृदयता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि COVID-19 महामारी के दौरान उनके निधन से क्षेत्र ने एक जननायक को खो दिया.
दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, भाजपा नेता डॉ विजय सिंह गागराई, जिला अध्यक्ष दीपक पासवान सहित कई गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
