Pakur: पाकुड़ डीसी मेघा भारद्वाज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान डीसी ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उपायुक्त ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, एमटीसी सेंटर, लैब तथा विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों से सीधे संवाद किया एवं उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली.
डीसी ने मरीजों से लिया फीडबैक
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सेवाओं के प्रति संतुष्टि का फीडबैक लिया. उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, समय पर दवा उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
मरीजों को तुरंत सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता
डीसी मेघा भारद्वाज ने कहा कि मरीजों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया. साथ ही मरीजों के लिए पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया.
उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया, कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा सभी आवश्यक सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आमजनों का विश्वास मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है.
