अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, पति-पत्नी की हालत गंभीर

Hazaribagh: हजारीबाग रोड स्थित नेशनल हाईवे पर शकुंतला प्लेस के सामने शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार तीन...

Hazaribagh: हजारीबाग रोड स्थित नेशनल हाईवे पर शकुंतला प्लेस के सामने शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए, जो गड़लाही सीलोन के निवासी बताए जा रहे हैं.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

बताया जाता है कि बाइक तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने लोहे के डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि बाइक उसी रफ्तार में आगे बढ़ते हुए डिवाइडर पार कर कुछ दूरी तक चली गई.

हादसे में अजय राणा (40), स्व. महादेव राणा के पुत्र, का बांह बुरी तरह कुचल गया, वहीं उनकी पत्नी बसंती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. साथ में सवार एक रिश्तेदार की बच्ची को हल्की चोटें आई हैं.

ALSO READ: एक्शन में डीसी और नगर आयुक्त: हजारीबाग में सौंदर्यीकरण योजनाओं की जमीनी हकीकत पर उठे सवाल

घायलों को रिम्स रेफर, स्थिति नाजुक

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, बरही ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए अजय राणा और उनकी पत्नी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

सूचना मिलते ही मुखिया मनोज कुमार, सिकंदर प्रजापति, पूरन राम समेत कई लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया. बताया जाता है कि अजय राणा अपनी पत्नी और बच्ची के साथ इटखोरी मोड़ से एक शादी समारोह से लौटकर अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान शकुंतला प्लेस के पास यह हादसा हो गया.

पुलिस मामले की जांच में जुटी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल दंपति को सदर अस्पताल हजारीबाग से रिम्स अस्पताल, रांची रेफर किया गया. अजय राणा की स्थिति काफी गंभीर है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है. घायल के परिजनों ने आर्थिक सहयोग की गुहार लगाई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *