Ranchi: झारखंड में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से लैस करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है. मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, प्रशासी पदवर्ग समिति ने पुलिस बेड़े के लिए कुल 109 नए वाहनों की खरीद के प्रस्ताव को अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली इस उच्चस्तरीय समिति, जिसमें विकास आयुक्त और वित्त विभाग के सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे.
पुलिस आधुनिकीकरण के तहत विशेष वाहनों की खरीद
पुलिस बलों के आधुनिकीकरण के लिए गृह एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई है. इसके तहत दंगों पर नियंत्रण और कैदियों की सुरक्षा के लिए विशेष श्रेणियों के वाहन खरीदे जाएंगे.
• प्रिजन वैन: 07
• दंगा नियंत्रण वाहन: 02
• वाटर कैनन: 05
• वाटर टैंकर: 12
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए 83 वाहनों की स्वीकृति
राज्य के चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों और सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 83 वाहनों की खरीद को स्वीकृति दी गई है. इसमें पुलिस की गतिशीलता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है.
• दोपहिया वाहन (150 सीसी-180 सीसी): 50 (त्वरित कार्रवाई के लिए)
• ट्रूप कैरियर: 27 (जवानों की आवाजाही हेतु)
• बड़ी बसें (42 सीटर): 06
जेम पोर्टल से होगी पारदर्शी खरीद प्रक्रिया
समिति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वाहनों की पूरी खरीद प्रक्रिया जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी. यदि किसी परिस्थिति में पोर्टल पर वाहन उपलब्ध नहीं होते हैं, तो झारखंड खरीद नियमावली के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
