Ranchi: झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों को लेकर सहयोगी दलों के बीच चल रही बयानबाजी पर कांग्रेस ने संयम बरतने की अपील की है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की मजबूती, एकता और आपसी विश्वास सर्वोपरि है तथा बिना ठोस प्रमाण किसी सहयोगी दल या नेता पर आरोप लगाना गठबंधन की भावना के विपरीत है. मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस ने गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा से पालन करते हुए राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी. हालांकि परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं रहे, लेकिन इससे जुड़े सवालों का जवाब तथ्यों और जांच के आधार पर ही तलाशा जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: दिन में हाथियों की जलक्रीड़ा बनी पर्यटकों का आकर्षण, रात होते ही ग्रामीणों के लिए मुसीबत
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू पर बयान दुर्भाग्यपूर्ण
उन्होंने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी राजू जी को लेकर दिए जा रहे राजनीतिक बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गठबंधन को मजबूत करने, सहयोगी दलों के बीच समन्वय स्थापित करने और भाजपा के खिलाफ साझा संघर्ष को आगे बढ़ाने का कार्य किया है. ऐसे में उन्हें विवादों के केंद्र में लाना उचित नहीं है. सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि यदि किसी दल को क्रॉस वोटिंग या चुनाव प्रक्रिया को लेकर संदेह है तो उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके. जांच पूरी होने से पहले किसी व्यक्ति या दल को दोषी ठहराना न्यायोचित नहीं है.
विपक्षी एकजुटता को और मजबूत करने की जरूरत
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी भाकपा माले, राजद, झामुमो और अन्य सहयोगी दलों के संघर्ष और योगदान का सम्मान करती है. मौजूदा समय में जरूरत एक-दूसरे पर आरोप लगाने की नहीं, बल्कि भाजपा की विभाजनकारी राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते हमलों के खिलाफ विपक्षी एकजुटता को और मजबूत करने की है. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने इंडिया गठबंधन को सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, जनहित और संविधान की रक्षा के लिए जनादेश दिया है. ऐसे में सभी सहयोगी दलों को राजनीतिक परिपक्वता, संयमित भाषा और आपसी विश्वास का परिचय देते हुए गठबंधन की एकता को मजबूत करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने 1859 पुलिसकर्मियों की वरीयता सूची जारी की



