Lohardaga: लोहरदगा–गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार शाम बक्शी डीपा स्थित कार्यालय में हुई. बैठक में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और जरूरी फैसले लिए गए. बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने की, जबकि संचालन सचिव मुद्रिका यादव और रहमान अंसारी ने संयुक्त रूप से किया.
रोड परमिट मामले को लेकर बना रणनीति
बैठक में हाईकोर्ट में लंबित रोड परमिट के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया. इस पर चर्चा के बाद एसोसिएशन ने तय किया कि कोर्ट में काउंटर एफिडेविट दाखिल किया जाएगा. इसके जरिए सरकार को यह संदेश दिया जाएगा कि जब तक रोड परमिट जारी नहीं होगा, तब तक फाइल लेना भी बंद किया जाए. ट्रक मालिकों का कहना है कि परमिट नहीं मिलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है और उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है.
हेसल अनलोडिंग स्टेशन की अव्यवस्था पर चिंता
बैठक में हेसल अनलोडिंग स्टेशन की समस्याओं पर भी गंभीर चिंता जताई गई. ट्रक मालिकों ने बताया कि वहां अव्यवस्था, लंबा इंतजार और सही प्रबंधन नहीं होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ट्रिप नहीं मिलने से उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है.
Also Read: लोहरदगा में मेधावी छात्रों का सम्मान, DC ने दी सफलता की सीख
प्रशासन और कंपनी को सौंपा जाएगा ज्ञापन
एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि हिंडाल्को प्रबंधन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को लिखित ज्ञापन दिया जाएगा. इसमें मांग की जाएगी कि ट्रकों का संचालन सही तरीके से हो और हेसल स्टेशन की व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाए. साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा.
माइंस क्षेत्रों का दौरा करेगी टीम
बैठक में यह भी तय किया गया कि एसोसिएशन की एक टीम इस महीने जिले के अलग-अलग माइंस क्षेत्रों का दौरा करेगी. इस दौरान ट्रक मालिकों और चालकों से सीधे बात कर उनकी समस्याओं को समझा जाएगा और समाधान के लिए पहल की जाएगी.
एकता और संगठन की मजबूती पर जोर
पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए मिलकर संघर्ष करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं का समाधान संभव है.
बैठक में कई पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, रहमान अंसारी, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष अजमल कुरैशी सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे. अंत में संगठन की मजबूती और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया गया.
