Ranchi: राजधानी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके सब जोनल कमांडर विरम राम उर्फ विक्रम जी उर्फ अरविंद जी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक पिस्टल, राउटर बरामद किया गया है. ये जानकारी ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता में दी. ग्रामीण एसपी ने बताया कि अरविंदजी की इस गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है. क्योंकि आरोपी पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय था और कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा है.
यह भी पढ़ें : चुनाव नतीजों पर जेएमएम ने रखी अपनी बात : सुप्रियो भट्टाचार्य बोले- ‘विपक्ष के लिए कीवी की तरह इम्यूनिटी बूस्टर बनेगी JMM’
भागने की कोशिश नाकाम
बुढ़मू थाना क्षेत्र में हाल में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस सतर्क हो गई थी. एसएसपी को मिली गुप्त सूचना पर डीएसपी खलारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित धोबी टोला में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया
हथियार और उपकरण बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर छापर गांव स्थित एक अधूरे मकान से पुलिस ने हथियार बरामद किया.
01 पिस्टल मैगजीन के साथ
07 कारतूस
02 राउटर
01 मोबाइल फोन

लेवी, गोलीबारी और आगजनी का था मास्टरमाइंड
पूछताछ में खुलासा हुआ कि विरम राम पिछले 15 वर्षों से संगठन से जुड़ा था. वह रांची और आसपास के इलाको बुढ़मू, ठाकुरगांव, पतरातू, खलारी, कांके, केरेडारी, पिपरवार, पिठोरिया और मैक्लुस्कीगंज में सक्रिय था. उसका मुख्य काम व्यवसायियों, ठेकेदारों और भट्ठा मालिकों से लेवी वसूलना था. पैसे नहीं देने पर गोलीबारी और आगजनी जैसी घटनाएं कर दहशत फैलाता था.
यह भी पढ़ें : ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड का दबदबा, 27 स्वर्ण के साथ ओवरऑल चैंपियन
दर्जनों मामले पहले से ही दर्ज
आरोपी के खिलाफ पिठोरिया थाना समेत कई थानों में दो दर्जनों से अधिक केस दर्ज हैं. इनमें रंगदारी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. बुढ़मू थाना में आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े चार आरोपी की पहचान कर चुकी है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बाकी उग्रवादियों पर भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
