West Singhbhum: भारतीय जनता पार्टी की असम, बंगाल एवं पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में मिली जीत पर बंदगांव-कराईकेला बाजार परिसर में भाजपा कराईकेला मंडल अध्यक्ष सुशांत मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
जनता का व्यापक समर्थन चुनाव परिणामों में साफ झलक रहा- सुशांत मंडल
इस अवसर पर सुशांत मंडल ने कहा कि यह जीत स्पष्ट रूप से दर्शाती है, कि देश की जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों पर विश्वास जता रही है. उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण से जुड़े कानूनों और अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जो चुनाव परिणामों में साफ झलक रहा है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति जैसे गंभीर मुद्दों पर उठाए गए “बेतुके सवालों” का जवाब दे दिया है. कुछ लोग “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे मामलों पर प्रश्न उठाकर देश के नेतृत्व को घेरने का प्रयास कर रहे थे, वहीं विदेश नीति को लेकर भी भ्रम फैलाया गया, लेकिन जनता ने अपने मत से मजबूत और निर्णायक नेतृत्व के पक्ष में समर्थन दिया है.
उन्होंने कहा तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों और अवैध घुसपैठियों के प्रति सहानुभूति रखने वालों को भी जनता ने करारा जवाब दिया है. उन्होंने असम, बंगाल और पुडुचेरी की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, कि उनके समर्थन से ही यह विजय संभव हो पाई है. अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार देशभर में भाजपा को समर्थन मिल रहा है, उसी प्रकार झारखंड की जनता भी जल्द ही विकास और सुशासन के पक्ष में निर्णय लेते हुए राज्य में परिवर्तन का मार्ग चुनेगी. इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री तीरथ जामुदा, दीपक महतो, निशिकांत त्रिपाठी, हीरालाल खंडायत, बबलू प्रामाणिक, मंगल बोदरा, गणेश मंडल समेत काफी संख्या में भाजपाई उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: 85 करोड़ फुंकने के बाद भी हरमू नदी में जान नहीं ला पाए अफसर, अब मानसून से पहले आई सफाई की याद
