Ranchi: बढ़ते तापमान और गर्मी की स्थिति को देखते हुए सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के वरीय पदाधिकारियों और सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया, कि चिलचिलाती धूप और हीटवेव के बीच आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
बिजली आपूर्ति और शिकायतों का त्वरित समाधान
मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय बेहतर करने का निर्देश दिया है. बैठक में सीएम ने कहा कि बिजली कटौती की समस्याओं को न्यूनतम करने का प्रयास किया जाए. खराब ट्रांसफॉर्मर या तकनीकी खराबी की स्थिति में शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई कर आपूर्ति बहाल की जाए. संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया, कि वे फीडर स्तर पर निगरानी रखें ताकि आपूर्ति बाधित न हो.
हीटवेव से निपटने के लिए स्वास्थ्य अलर्ट
बढ़ते तापमान के कारण स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने चिकित्सा संस्थानों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है. उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीटवेव वार्डऔर उपचार की विशेष व्यवस्था हो. पर्याप्त मात्रा में ओआरएस के पैकेट, आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा उपकरण हर वक्त उपलब्ध रहें. साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य हो.
मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर सक्रिय होने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी स्वयं क्षेत्रों का भ्रमण करें और जनसुनवाई के माध्यम से सीधे आम जनता से संवाद करें. समस्याओं का समाधान केवल फाइलों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखना चाहिए.
यह भी पढ़ें: जनता दरबार में डीसी का सख्त एक्शन: पेंशन बहाल, कई अधिकारियों को शोकॉज
