पलामू में बनी फिल्म ‘पेड़ चलता है’ कांस फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर के लिए चयनित

Palamu: पलामू में बनी फिल्म ‘पेड़ चलता है’ अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रही है. दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित...

Palamu: पलामू में बनी फिल्म ‘पेड़ चलता है’ अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रही है. दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल Cannes Film Festival में इस फिल्म का चयन वर्ल्ड प्रीमियर कैटेगरी में हुआ है. यह पलामू और झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

शूटिंग और कहानी की खासियत

फिल्म का निर्देशन देवादित्य बंदोपाध्याय ने किया है. इसकी शूटिंग पलामू टाइगर रिजर्व, पलामू किला, शाहपुर किला और मेदिनीनगर के कई इलाकों में की गई है. निर्देशक के मुताबिक फिल्म की कहानी जल, जंगल और जमीन से जुड़े लोगों के जीवन पर आधारित है, जिसे थ्रिलर और सस्पेंस के अंदाज में पेश किया गया है.

निर्माण और तकनीकी टीम

इस फिल्म को आउटलाइन एक्सप्रेशन के बैनर तले मासूम आर्ट ग्रुप के सहयोग से बनाया गया है. इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर अमित बहल हैं. फिल्म की मूल कहानी पुलक दास ने लिखी है, जबकि हिंदी पटकथा और संवाद सैकत चटर्जी ने तैयार किए हैं. डीओपी विक्रम आनंद सावरेवाल हैं और संगीत आनंद भास्कर ने दिया है, जबकि फाइट डायरेक्शन सुमित वर्मन ने किया है.

Also Read: तमिलनाडु : विजय थलापति बने TVK विधायक दल के नेता, मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ, स्टालिन ने दिया इस्तीफा

कलाकारों का दमदार अभिनय

फिल्म में वीरेंद्र सक्सेना, प्रमोद पाठक, कुमार सौरभ, सतेंद्र सोनी, मैनाक बनर्जी और सुब्रत बनर्जी जैसे कलाकारों के साथ पलामू के स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार अभिनय किया है. मुंबई के फिल्म समीक्षकों ने भी फिल्म और कलाकारों की जमकर तारीफ की है.

पलामू के लिए गर्व का पल

सैकत चटर्जी ने कहा कि कांस जैसे बड़े मंच पर पलामू में शूट हुई फिल्म का पहुंचना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म की शूटिंग में पलामू और लातेहार जिला प्रशासन के साथ-साथ टाइगर रिजर्व के अधिकारियों का अहम सहयोग मिला.

प्रीमियर डेट का इंतजार

निर्देशक ने बताया कि फिल्म के प्रीमियर की तारीख और समय जल्द ही जारी किया जाएगा. कांस फिल्म फेस्टिवल में केवल उन्हीं फिल्मों को वर्ल्ड प्रीमियर कैटेगरी में रखा जाता है, जिनका पहले कहीं प्रदर्शन नहीं हुआ हो.

स्थानीय कलाकारों की भागीदारी

फिल्म ‘पेड़ चलता है’ में कामख्या प्रसाद सिन्हा, सैकत चटर्जी, मुरारी पांडेय, अमर भांजा, उज्ज्वल सिन्हा, अविनाश पांडेय, मन्नू राइन, मो. नसीम, शहजादा तालिब, मुकेश विश्वकर्मा, गुलशन मिश्रा, आशना भेंगरा, कनक लता तिर्की, वर्षा, गोविंदा, प्रकाश, आलोक नाथ, आदर्श पांडेय, मो. कैफ, अमर्त्य और अरिंदम समेत कई कलाकार नजर आएंगे.

पहले भी दिख चुकी है पलामू की झलक

इससे पहले मशहूर निर्देशक सत्यजीत राय की फिल्म अरननेर दिन रात्रि को भी कांस फिल्म फेस्टिवल के आर्काइव सेक्शन में दिखाया गया था. उस फिल्म की शूटिंग भी पलामू के केचकी, बेतला, गारू और छिपादोहर जैसे इलाकों में हुई थी. अब एक बार फिर ‘पेड़ चलता है’ के जरिए दुनिया पलामू की खूबसूरती देखेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *