– त्राहिमाम जनता को बिजली पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
– राजधानी से गांव तक 10 से 12 घंटे बिजली गुल, पेयजल संकट से हाहाकार
Palamu: बिजली और पेयजल की समस्याओं को लेकर भाजपा ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया. भाजपा नेता अमर बाउरी की अगुवाई में हुए इस आंदोलन में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे. भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई है और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है. पार्टी ने कहा कि 200 यूनिट फ्री बिजली का वादा केवल ढकोसला है. राजधानी में ही 10 से 12 घंटे बिजली नहीं रहती तो ऐसे में जिलों और गांवों की स्थिति समझी जा सकती है.
यह भी पढ़ें : JAC इंटरमीडिएट रिजल्ट: बेटियों ने फिर गाड़े सफलता के झंडे, छोटी कुमारी, श्वेता प्रसाद और रशिदा नाज बनीं टॉपर
पानी-बिजली के लिए तरस रही जनता : भाजपा
भाजपा नेता अमर बाउरी ने कहा कि सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है और बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता तरस रही है. आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी. वहीं भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि पलामू के लोग आज पानी-बिजली के लिए पूरी तरस रहे हैं. विधायक आलोक चौरसिया ने आरोप लगाया कि अधिकारी बेलगाम हैं और राज्य में हत्या, अपहरण और फिरौती की घटनाएं बढ़ रही हैं. वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि आम आदमी सड़कों पर है. सरकार का जुल्म बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
भाजपा की प्रमुख मांगें
– बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
– बढ़े हुए बिजली दर को अविलंब वापस लिया जाए
– जले हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदला जाए
– फर्जी और बड़ी राशि के बिजली बिल की जांच हो
– सभी बंद पड़े चापाकल की युद्ध स्तर पर मरम्मत हो
– नल जल योजना को शीघ्र पूरा किया जाए
– हॉस्पिटल छात्रावास में बिजली पानी की आपूर्ति निर्बाध मिले

यह भी पढ़ें : टाटानगर स्टेशन पर मालगाड़ी पर चढ़ा युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आया, बुरी तरह झुलसा, हालत नाजुक
चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा : भाजपा
भाजपा नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने झारखंड को पेयजल के लिए 12982 करोड़ रुपये दिए लेकिन राज्य सरकार आधे से अधिक पैसे खर्च नहीं कर पाई. नल जल योजना कागजों पर मात्र 45 प्रतिशत पूरी हुई है. जामताड़ा में यह आंकड़ा एक प्रतिशत है. रांची सदर अस्पताल में पानी के अभाव में गर्भवती महिला का ऑपरेशन नहीं हुआ. लिट्टीपाड़ा में आदिवासी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं. राज्य भर में 80 हजार चापाकल खराब पड़े हैं. भाजपा ने चेतावनी दी कि जन मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा और सरकार को चैन से नहीं बैठने दिया जाएगा. प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व विधायक पुष्पा देवी, पूर्व सांसद मनोज भुईया, नरेंद्र पांडेय, विजयानंद पाठक, विजय ठाकुर, अजय सिंह, मुरारी पांडे, सुनील पासवान, अभिमन्यु तिवारी, विपुल गुप्ता समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए.
