Ranchi: झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 और जतरा कार्यक्रम को लेकर रांची पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 9 और 10 अगस्त को शहर में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. 9 अगस्त को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. जेल चौक से करमटोली चौक तक, करमटोली चौक से SSP आवास मोड़ तक, SSP आवास मोड़ से बापू वाटिका, इन रास्तों पर 9 अगस्त की सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक नो-एंट्री रहेगी.

बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की तरफ से रिंग रोड, चांदनी चौक होकर आने वाले वाहन यहां पार्क होंगे. इसके अलावा शहर के अंदर (धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, लालपुर, कांटाटोली, हरमू, अरगोड़ा) से न्यू मार्केट चौक, रेडियम चौक और सिद्दू कान्हू मोड होकर आने वाले वाहन भी इसी मैदान में खड़े किए जाएंगे.

ट्रैफिक पुलिस की अपील
रांची ट्रैफिक एसपी ने नागरिकों से अपील की है, कि कार्यक्रम के दौरान जेल चौक, करमटोली चौक, SSP आवास चौक और मोराबादी के आसपास के रास्तों पर चारपहिया वाहनों का प्रयोग करने से बचें. बहुत जरूरी होने पर ही इन रास्तों पर गाड़ियां लेकर निकलें. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अन्य रूटों को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट या रोका जा सकता है.

यह भी पढ़ें: बदल गए मैदान, पर जज्बा नहीं, राजनीतिक अंडर करंट भी किया जा रहा है महसूस

