SAURAV SINGH
Ranchi : झारखंड पुलिस महकमे में इन दिनों हड़कंप मचा हुआ है. कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार मामले में नौ थाना प्रभारी समेत 21 सब-इंस्पेक्टर पर गाज गिरी है. यह कार्रवाई झारखंड के अलग अलग जिले में पिछले 57 दिनों के दौरान हुई है. इनमें से कई को निलंबित (सस्पेंड) किया गया है, तो कई को लाइन हाजिर कर दिया गया है. विभाग की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
नौ थाना प्रभारी समेत 21 सब-इंस्पेक्टर पर गिरी गाज
– 05 मई: बोकारो जिले के चीरा चास थाना प्रभारी पुष्पराज कुमार सहित तीन पुलिस अधिकारी (एसआइ राजेश कुमार व एएसआइ संजय कुमार मंडल) को एसपी नाथू सिंह मीणा ने निलंबित कर दिया था.
– 02 मई: कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने सतगावां के थाना प्रभारी सौरभ कुमार शर्मा को काम में लापरवाही बरतने के मामले में सस्पेंड कर दिया. साथ ही तत्काल पुलिस मुख्यालय में योगदान का आदेश दिया गया था.
– 11 अप्रैल: अभियुक्त से सांठगांठ के आरोप में बोकारो जिला के पिंडराजोड़ा थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी को एक साथ सस्पेंड कर दिया गया. जिनमें 10 सब इंस्पेक्टर, पांच असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, दो हवलदार और 11 सिपाही शामिल है.
– 11 अप्रैल: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. अजय कुमार सिंह पर कर्तव्य में लापरवाही के आरोप लगे थे. थाने के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड अपडेट नहीं पाए गए और फाइलों में भी अव्यवस्था मिली थी.
– 09 अप्रैल: चतरा जिले में पुलिस विभाग के अंदर बड़ी कार्रवाई सामने आई थी, गिद्धौर थाना प्रभारी सहित दो पुलिस जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है. यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद की गई, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे.
– 02 अप्रैल: पलामू के हुसैनाबाद थाना में पदस्थापित एसआई नर्मदेश्वर सिंह को रंगदारी मांगने और चाय दुकानदार के साथ मारपीट के आरोप में निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है.
– 30 मार्च: धनबाद में राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को वर्दी में भोजपुरी गाने पर डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया है.
– 27 मार्च: गढ़वा के रमकंडा में रामनवमी जुलूस के दौरान विवाद हुआ था.घटना के बाद रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया था.
– 20 मार्च: कोडरमा के जयनगर थाना के हाजत में विजय यादव नामक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किये जाने के मामले में एसपी ने जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया था.
– 17 मार्च: रांची के कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को जमीन कारोबारियों से मिलीभगत और शिकायतों के बाद लाइन हाजिर किया गया था.
– 10 मार्च: रांची में कर्तव्य के दौरान वरती गई उक्त घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में सब इंस्पेक्टर भवेश कुमार रवानी को निलंबित कर दिया गया था.
