Chakradharpur: मनोहरपुर थाना क्षेत्र के कमारबेड़ा गांव में गौवंशीय पशु की हत्या कर उसका मांस खाने और बेचने के आरोप में ग्रामीणों ने चार युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद गांव में तनाव एवं आक्रोश का माहौल है.
जानकारी के अनुसार बुधवार को गांव के समीप कोयना नदी में ग्रामीणों ने एक गौवंशीय पशु का कटा सिर, पैर, खाल और अन्य अवशेष तैरते हुए देखे. गांव की बिना देवी ने अवशेषों की पहचान अपनी गाय के रूप में की, जो मंगलवार से लापता थी. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई.

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
गुरुवार को पंचायत मुखिया हल्यानी जाते की मौजूदगी में हुई ग्रामीणों की बैठक में पूछताछ के दौरान रामे चम्पीया पर शक गहराया. ग्रामीणों के अनुसार उसने अपने साथी शिबो जोजो, विजय पूर्ति और अजय चम्पीया के साथ मिलकर गाय काटने की बात स्वीकार की. आरोप है कि चारों ने मांस खाया और कुछ लोगों को बेचने का प्रयास भी किया.
ALSO READ: चक्रधरपुर में मेधावी छात्रों का सम्मान, 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला गौरव
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
इसके बाद ग्रामीणों ने चारों आरोपियों को पकड़कर मनोहरपुर पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने बिना देवी की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अनुसंधान पदाधिकारी जयदीप लकड़ा ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं हिन्दू जागरण मंच एवं महिला मोर्चा ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
