Hazaribagh : अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ टाटीझरिया पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो बालू लदे ट्रैक्टरों को जब्त किया है, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के बनहे मोड़ के पास की गई.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि क्षेत्र में बिना किसी वैध कागजात और चालान के बालू का अवैध परिवहन किया जा रहा है, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच अभियान चलाया, इस दौरान दो ट्रैक्टरों को अवैध रूप से बालू ढोते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जब चालकों से परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और चालान मांगे गए, तो वे कोई भी कागज प्रस्तुत नहीं कर सके.
खनन विभाग को दी गई सूचना
पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर थाना लाया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना जिला खनन विभाग, हजारीबाग को दे दी है, थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा, सरकार के निर्देशानुसार खनिज संपदा की चोरी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बालू माफियाओं में हड़कंप
जब्त किए गए ट्रैक्टरों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला खनन कार्यालय भेज दिया गया है, पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है, लोगों का कहना है कि इस तरह के कड़े कदमों से प्राकृतिक संसाधनों की लूट और अवैध खनन पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी.
Also Read : भारत में EVM की एंट्री कैसे हुई? जानिए कब और कहां हुआ पहला इस्तेमाल
