Simdega: डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में एनसीसी कैडेट्स द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” की पहली वर्षगांठ श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई. यह कार्यक्रम महानिदेशक एनसीसी के आदेश तथा 46 झारखंड बटालियन गुमला के निर्देश पर आयोजित किया गया.
ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अब्राहम केरकेट्टा ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रगान के साथ झंडे को सलामी दी.

पहलगाम हमले का किया उल्लेख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर सत्यजीत कुमार ने कहा कि यह आयोजन पूरे देश में 7 से 10 मई तक किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी.
उन्होंने कहा कि इसके जवाब में भारतीय सेना ने 6 और 7 मई 2025 को कार्रवाई करते हुए 9 आतंकी शिविरों को ध्वस्त किया तथा 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया.
“ऑपरेशन सिंदूर” नाम के पीछे की भावना
सत्यजीत कुमार ने कहा कि इस आतंकी हमले में कई परिवार उजड़ गए थे और नवविवाहित महिलाओं का सिंदूर मिट गया था. उन्हीं माताओं और बहनों के सम्मान में भारत सरकार ने इस अभियान का नाम “ऑपरेशन सिंदूर” रखा.
शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में पहलगाम हमले में मारे गए लोगों एवं देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. साथ ही विद्यार्थियों और कैडेट्स से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करने का आह्वान किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
