Ranchi : झारखंड पुलिस के अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. रांची स्थित साइबर क्राइम थाना ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो व्हाट्सएप के जरिए लोगों को निवेश का झांसा देकर करोड़ों की ठगी कर रहा था.
मामला क्या है?:
सीआईडी ने बताया कि साइबर थाना कांड संख्या 27/26 के तहत यह कार्रवाई की गई है. पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे व्हाट्सएप के माध्यम से Foreground नामक एक ग्रुप में जोड़ा गया था. इस ग्रुप में उसे Forex Trading (विदेशी मुद्रा व्यापार) में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया. शुरुआत में, ठगों ने पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए एक फर्जी वेबसाइट पर उसे झूठा मुनाफा दिखाया. जैसे ही पीड़ित ने उन पर विश्वास किया, उससे अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे जमा कराए गए. इस तरह पीड़ित से कुल 8.52 करोड़ की बड़ी राशि की धोखाधड़ी की गई.

कैसे हुई गिरफ्तारी?:
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि इस ठगी के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर, झारखंड पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से छापेमारी की और एक आरोपी को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश सिंह, निवासी जनपद मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेक बुक बरामद की है.
