Simdega: इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के टॉपर विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने अपने आवास पर कार्यक्रम आयोजित कर कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के टॉपर छात्रों के साथ केक काटा तथा सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने सभी छात्रों से एक-एक कर बातचीत की और उनके भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों की आगे की पढ़ाई में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा.
की जा रही है लाइब्रेरी की व्यवस्था- डीसी
डीसी ने बताया कि इस वर्ष इंटर वाणिज्य संकाय में सिमडेगा ने राज्य स्तर पर टॉपर देकर जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पंचायत स्तर पर सुसज्जित लाइब्रेरी की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही सभी शिक्षकों को निर्देश दिया गया है, कि नियमित पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों का विशेष मार्गदर्शन भी करें. उन्होंने विश्वास जताया कि खेल नगरी के रूप में पहचान रखने वाला सिमडेगा आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाएगा और यहां के बच्चे पढ़ाई में भी अपना परचम लहराएंगे.

यह भी पढ़ें: आरएसएस की प्रमुख नागरिक गोष्ठी सम्पन्न, राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन
