Ranchi: झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध कला-संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को अब डिजिटल दुनिया के दिग्गज वैश्विक मंच पर ले जाएंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन को धरातल पर उतारते हुए पर्यटन विभाग ने सोमवार को पतरातू स्थित होटल पर्यटन विहार में राज्य स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट 2026 का आयोजन किया गया. यह आयोजन राज्य के पर्यटन प्रचार-प्रसार की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है.
बाहरी नहीं, अपने ही संवारेंगे ब्रांड झारखंड
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने स्थानीय प्रतिभाओं पर अटूट विश्वास जताया. उन्होंने कहा कि झारखंड की असली पहचान यहां की सादगी और लोकजीवन में है. बड़े महानगरों के क्रिएटर्स की तुलना में हमारे अपने राज्य के इन्फ्लुएंसर्स यहां की मिट्टी की खुशबू को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं. कहा कि इस पहल से न केवल राज्य की ब्रांडिंग मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को एक नई पहचान और गर्व के साथ विभाग से जुड़ने का अवसर मिलेगा.

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार की त्याग वाली नसीहत पर कांग्रेस का पलटवार: कहा- ‘जनता त्याग नहीं, चाहती है जवाब’
इन्फ्लुएंसर एंगेजमेंट पोर्टल का आगाज
• उद्देश्य: राज्य के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को पर्यटन विभाग के साथ औपचारिक रूप से जोड़ना.
• अवसर: पोर्टल के माध्यम से क्रिएटर्स अब सीधे विभाग के साथ मिलकर संरचित साझेदारी में काम कर सकेंगे.
• प्रभाव: यह पोर्टल डिजिटल स्टोरीटेलिंग और पर्यटन विकास के बीच एक सेतु का कार्य करेगा.
यह भी पढ़ें: हाल-ए-एचईसीः 34 महीने से वेतन को तरसते कर्मचारी, हक मांगने पर मिल रही सस्पेंशन की धमकी
80 से अधिक क्रिएटर्स ने साझा किए विचार
मीट में राज्यभर से आए 80 से अधिक प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया, जहां डिजिटल स्टोरीटेलिंग, कंटेंट क्रिएशन और झारखंड के स्थानीय खानपान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के गुर सिखाए गए. क्रिएटर्स ने अपनी कला के जरिए झारखंड की ‘अनछुए’ पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार, झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, महाप्रबंधक राजीव रंजन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.
