Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता अब जाग चुकी है और राज्य में जल्द ही बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिम बंगाल में नव निर्वाचित मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह से लौटने के दौरान चंपाई सोरेन चांडिल पहुंचे, जहां भाजपा नेता पप्पू वर्मा एवं राकेश वर्मा के आवास पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों पर चर्चा
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक अनौपचारिक झाल मुड़ी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों पर चर्चा की गई. मीडिया से बातचीत के दौरान चंपाई सोरेन ने आरोप लगाया कि चांडिल के कपाली क्षेत्र में कुछ स्थानों के नाम बदले जाने की कोशिश की जा रही है, जिसे उन्होंने स्थानीय पहचान और जनसंख्या संतुलन के दृष्टिकोण से चिंताजनक बताया. उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार की नीतियों से जनता असंतुष्ट है और तुष्टिकरण की राजनीति अब अधिक समय तक नहीं चल पाएगी.

अब बंगाल का होगा विकास
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की 15 साल पुरानी सरकार को वहां की त्रस्त जनता ने जवाब दे दिया है. जनता ने भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाई है, अब बंगाल का विकास तेजी से होगा. बोकारो से लौटने के क्रम में चांडिल बाजार स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू वर्मा के आवास पर वह रुके और पत्रकार को उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में असामाजिक तत्व हावी थे, वहां विकास की बातें नहीं हुईं, युवाओं को रोजगार नहीं मिला, 6 हजार से ज्यादा उद्योग बंद हो गए, उन्हें खोलने की बात तक नहीं हुई, इसलिए वहां की जनता ने भाजपा के प्रति मन बना लिया था.
बंगाल का असर झारखंड में भी पड़ेगा
चंपाई सोरेन ने कहा कि बंगाल का असर झारखंड में भी पड़ेगा. झारखंड में डेमोग्राफी बदलती जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चांडिल का कपाली पूरा CNT जमीन है, वहां पहले मांझी, महतो रहा करते थे. आज कपाली की पूरी डेमोग्राफी बदल चुकी है. वहां विशेष समुदाय हावी है. कपाली पहले पंचायत हुआ करता था, आज वहां 35 हजार सिर्फ वोटर हैं.
उन्होंने कहा कि बोकारो में एक आदिवासी की चार एकड़ जमीन पर विशेष समुदाय के लोगों ने कब्जा कर लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति चल रही है, जिसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी.
भाजपा कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड की राजनीति में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा. इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने आगामी राजनीतिक बदलाव को लेकर उत्साह और विश्वास व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: तिहरे हत्याकांड की रूह कंपा देने वाली इनसाइड स्टोरी
