SAURAV SINGH
Ranchi: झारखंड पुलिस अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. अब सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज होने वाली एफआईआर (फॉर्म-1) और फाइनल फॉर्म (फॉर्म-5) पर थाना प्रभारियों को हाथ से हस्ताक्षर करने के बजाय ई-साइन करने की सुविधा दी जाएगी.
अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
इस नई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की घोषणा की है. ई-साइन के उपयोग और इसके तकनीकी पहलुओं को समझाने के लिए 13 मई को पुलिस मुख्यालय की सीसीटीएनएस टीम द्वारा एक ऑनलाइन डेमोंस्ट्रेशन और ट्रेनिंग सत्र आयोजित किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: कनहरी हिल को मिलेगा वैश्विक मंच: इको-टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा हजारीबाग का प्राकृतिक गौरव
जानें किन्हें मिलेगी ट्रेनिंग?
इस सत्र में राज्य के सभी जिलों की सीसीटीएनएस टीमों के पदाधिकारी और कर्मी शामिल होंगे. इसके बाद, जिले के एसएसपी और एसपी को यह सुनिश्चित करना होगा कि 18 मई तक उनके जिले के सभी थाना प्रभारी और सीसीटीएनएस ऑपरेटर इस ट्रेनिंग को पूरा कर लें. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद, जिला स्तर से ट्रेनिंग कंप्लीशन सर्टिफिकेट मुख्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है.

क्यों महत्वपूर्ण है यह कदम?
अभी तक पुलिसिया दस्तावेजों पर पारंपरिक हस्ताक्षर होते आए हैं, लेकिन ई-साइन की सुविधा जुड़ने से न सिर्फ दस्तावेजों की प्रमाणिकता बढ़ेगी, बल्कि कागजी कार्रवाई में लगने वाले समय में भी कमी आएगी. आईजी (मुख्यालय) द्वारा जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जैसे ही जिला और थाना स्तर पर यह प्रशिक्षण पूरा हो जाएगा, पुलिस मुख्यालय अलग से आदेश जारी कर राज्यभर में ई-साइन की सुविधा को आधिकारिक रूप से शुरू कर देगा.
