गुमला: पेड़ से टकराया हाइवा, एक घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक

Gumla: जिले के भरनो प्रखंड के कुसुमबहा गांव में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. कुसुमबहा-सिंगरौली मुख्य मार्ग पर...

Gumla: जिले के भरनो प्रखंड के कुसुमबहा गांव में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. कुसुमबहा-सिंगरौली मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित फूटकल पेड़ से जा टकराया.

हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ हाइवा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में दबकर फंस गया. लगभग एक घंटे तक चालक वाहन के अंदर ही फंसा रहा.

घटना के बाद मचा अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया.

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

सूचना मिलते ही भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह एवं सब इंस्पेक्टर मंटू चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया.

Also Read: बारात से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

दो ट्रैक्टरों की मदद से निकाला गया चालक

बताया जाता है कि हाइवा पेड़ से इस कदर टकराया था कि चालक केबिन के अंदर बुरी तरह दब गया था. उसे निकालने के लिए दो ट्रैक्टरों की मदद ली गई. काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका.

घायल चालक की हुई पहचान

घायल चालक की पहचान सिंगरौली गांव निवासी 22 वर्षीय अजित गोप के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, अजित गोप प्रतिदिन खाली हाइवा लेकर अपने गांव लौटता था.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

बुधवार को भी वह खाली हाइवा लेकर सिंगरौली जा रहा था. इसी दौरान कुसुमबहा गांव के पास तेज गति होने के कारण उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और हाइवा सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा इलाज

घटना के बाद घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार चालक खतरे से बाहर बताया जा रहा है.

ग्रामीणों की तत्परता से बची जान

इस बचाव अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा गांव के महिला-पुरुषों ने सक्रिय भूमिका निभाई. ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास के कारण चालक की जान बच सकी. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक लोगों की भीड़ लगी रही.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *